india vs pakistan 12th match at ahmedabad world cup 2023 oct 14 2023

आज से एक बरस पहले भारत की मेजबानी में खेला वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था। उसमें आज ही के दिन यानी 14 अक्टूबर 2023 को भारत ने आठवीं बार अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। उस मैच में बुमराह को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया था। 

भारत ने पाकिस्तान के हराकर बनाई वनडे वर्ल्ड कप में 8-0 से बढ़त 

वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन भारत की मेजबानी में किया गया। इस मेगा टूर्नामेंट में आज ही के दिन यानी 14 अक्टूबर 2023 को टूर्नामेंट का 12वां मैच भारत और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद में स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 

बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बढ़िया रही। टीम ने 8 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 41 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। हालांकि इसके बाद मोहम्मद सिराज ने अब्दुल्ला शफीक को एलबीडब्ल्यू करके भारत को पहली सफलता दिलाई। हालांकि इसके बाद इमाम उल हक के साथ मिलकर बाबर आजम ने पाकिस्तान की पारी के संभाला और 32 रनों की साझेदारी कर पाकिस्तान को 12.2 ओवर में 73 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि हार्दिक पांड्या ने इमाम को पवेलियन भेज साझेदारी को तोड़ा। 

इसके बाद कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने मिलकर टीम को 155 रनों तक पहुंचाया। मगर बाबर आजम के 29.4 ओवर में मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड होते ही पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। इसके बाद लगातार विकेट गंवाते हुए पाकिस्तान 42.5 ओवरों में महज 191 रनों के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने 2-2 विकेट चटकाए। 

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान रोहित शर्मा की 63 गेंदों पर 86 रनों की ताबड़तोड़ पारी के दम पर महज 30.3 ओवर में जीत दर्ज करते हुए वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार अपनी आठवीं जीत दर्ज की। रोहित शर्मा के अलावा श्रेयस अय्यर ने 62 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। मैच के बाद बुमराह को अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।