
आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार तेज गेंदबाज यश दयाल एक बड़े विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। दयाल पर गाजियाबाद की एक महिला ने शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दयाल ने पिछले पांच साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक शोषण किया है।
महिला ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
इंडिया टूडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक गाजियाबाद की रहने वाली महिला ने उत्तर प्रदेश के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल 'मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल' पर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें महिला ने क्रिकेटर यश दयाल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि क्रिकेटर यश दयाल ने उनसे शादी का वादा करके उनका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया है।
महिला ने 25 जून को अपनी शिकायत सोशल मीडिया पर शेयर की। जिसमें लिखा "पिछले 5 वर्षों से एक क्रिकेटर के साथ रिश्ते में थीं। उस आदमी ने मुझे शादी का झांसा देकर भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया था। शिकायतकर्ता को अपने परिवार से मिलवाकर बहू की तरह पेश किया गया, जिससे उन्होंने पूरी तरह विश्वास कर लिया। जब शिकायतकर्ता ने धोखा महसूस किया और विरोध किया, तो शारीरिक हिंसा और मानसिक उत्पीड़न हुआ। आर्थिक और भावनात्मक रूप से शिकायतकर्ता को पूरी तरह उस व्यक्ति पर निर्भर बना दिया गया।"
महिला ने अपनी शिकायत में आगे लिखा "बाद में मुझे पता चला कि वह व्यक्ति अन्य लड़कियों के साथ भी इसी तरह के झूठे संबंधों में शामिल था। 14 जून 2025 को मैंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क किया, लेकिन थाने स्तर पर मामला आगे नहीं बढ़ा। आर्थिक और सामाजिक रूप से लाचार होने के बाद मैंने न्याय के लिए गुहार लगाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यलय का रूख किया।"
बता दें कि यश दयाल ने आईपीएल 2025 में खेले गए 15 मुकाबलों में 13 विकेट चटकाकर आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था।