
Picture Credit: X
खेलों का महाकुंभ कहे जाने वाले ओलंपिक की शुरुआत फ्रांस की राजधानी पेरिस में 26 जुलाई से चुकी है। इस मेगा टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 11 बजे सीन नदी पर एक भव्य समारोह के साथ हुई। जिसमें दुनियाभर से 206 राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों का प्रतिनिधित्व करने वाले 10,500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
शनिवार, 27 जुलाई का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। हालांकि दिन के आखिर में मनु भाकर ने फाइनल के लिए क्वालीफाई करके फैंस को थोड़ी खुशियां दी।
इस आर्टिकल में हम आपको बताएँगे पेरिस ओलंपिक 2024 के पहले आधिकारिक दिन भारत की ओर से कौनसे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मनु भाकर

मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारतीय निशानेबाज ने 97,97,98,96,96 और 96 के स्कोर के साथ प्रतियोगिता के फाइनल में क्वालीफाई किया। भाकर, प्रतियोगिता के अंतिम कुछ दौरों में दूसरे स्थान पर अपनी बढ़त बनाए रखने के बाद तीसरे स्थान पर रहीं।
लक्ष्य सेन

लक्ष्य सेन ने ग्वाटेमाला के केविन कॉर्डन को सीधे गेमों में 21-8,22-20 से हराकर पेरिस में पुरुष एकल प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण में जगह बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए खेलों के महाकुंभ में जीत के साथ अभियान की शुरुआत की है। पूर्व विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता को ग्रुप एल के दूसरे मैच में बेल्जियम के जूलियन कैरागी के खिलाफ खेलना है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम

भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष हॉकी के पूल बी के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड पर 3-2 से रोमांचक जीत हासिल की। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों का स्कोर 2-2 था। ऐसे में भारतीय हॉकी टीम ने 59वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के बेहतरीन पेनल्टी स्ट्रोक के माध्यम से गोल करते हुए भारत को मैच के अंत तक 3-2 की महत्वपूर्ण जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।