
पेरिस ओलंपिक के जैवलिन थ्रो फाइनल में पाकिस्तान के स्टार जैवलिन खिलाड़ी अरशद नदीम ने नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए 92.97 मीटर जैवलिन थ्रो करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं भारतीय स्टार जैवलिन खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 89.45 मीटर के साथ सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अरशद के गोल्ड मेडल जीतने पर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।
अरशद नदीम के गोल्ड मेडल जीतने पर पाक खिलाड़ियों ने मनाया जश्न
पाकिस्तानी स्टार जैवलिन खिलाड़ी ने शानदार थ्रो करते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया। अरशद ने पहले राउंड में फाउल होने के बाद दूसरे राउंड में 92.97 मीटर का ऐतिहासिक थ्रो करके ओलंपिक में नया रिकॉर्ड कायम किया। इसके साथ ही पाकिस्तान ने 32 सालोंं बाद कोई ओलंपिक पदक जीता। अरशद की इस जीत का जश्न पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी भी जमकर मनाते नजर आए।
जहां एक और पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया पर नदीम को बधाई देते हुए कहा "इस शेर के बेटे ने पाकिस्तान को स्वर्ण पदक दिलाया है। क्या खिलाड़ी है अरशद! आपने इसे अपनी मेहनत और क्षमता से हासिल किया है। आपको, पाकिस्तान को बहुत-बहुत बधाई। एक स्वर्ण पदक से पूरे देश का मूड बदल गया है। एक आदमी पूरी दुनिया में ट्रेंड कर रहा है, वह है अरशद नदीम।"
वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उमर गुल और सरफराज अहमद सहित अन्य क्रिकेटरों को नदीम के गोल्ड मेडल जीतने की खुशी में जश्न मनाते हुए देखा गया। गौरतलब है कि पहले राउंड में फाउल करने के बाद अरशद ने दूसरे राउंड में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद आखिरी राउंड में भी अरशद ने 91.93 मीटर थ्रो करके सभी को हैरान कर दिया था।