
26 जुलाई से शुरु हो चुके पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल विमेंस इवेंट में भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने भारत को पेरिस ओलंपिक का पहला मेडल दिला दिया है। मनु भाकर फाइनल राउंड में तीसरे पायदान पर रहकर कांस्य पदक जीतने में कामयाब हुई थी। मनु के इस बेहतरीन कारनामें के बाद हर भारतीय फैन यह जानने के लिए बेताब होगा कि आखिर मनु भाकर है कौन। जिसने भारत को पेरिस में पहला पदक दिलाया।
शूटिंग के अलावा कई खेलों में दिखा चुकी है दम
18 फरवरी 2002 को हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव में जन्मी मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर मर्चेंट नेवी में कार्यरत है। शूटिंग से पहले मनु भाकर ने कई खेलों में हाथ आजमा रखा है। वह थांग टा, टांता, स्केटिंग, स्वीमिंग और टेनिस में अपना जलवा दिखा चुकी है। कराटे और थांग टा और टांता में मनु ने नेशनल स्तर पर पदक भी अपने नाम कर रखा है।
मगर एक दिन ऐसे ही अपने पिता के साथ शूटिंग रेज में घूम रही मनु के मन में शूटिंग में हाथ आजमाने का ख्याल आया। उसने अपने पिता के सामने तभी हाथ आजमाते हुए बिल्कुल बीच में 10 नंबर पर निशाना साधा। इससे प्रभावित होकर मनु के पिता रामकिशन ने मनु को शूटिंग में ही मन लगाकर मेहनत करने की बात कही। साथ ही नेशनल कोच यशपाल राणा के पास मनु को शूटिंग के गुर सिखने भेजा। इसके बाद मनु ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीते पदक
मनु ने 2023 एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहने के बाद भारत के लिए पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा हासिल किया था। मनु भाकर ISSF वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय हैं। वह गोल्ड कोस्ट 2018 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स की चैम्पियन भी हैं, जहां उन्होंने CWG रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था।
इससे पहले मनु दो बार क्रमश: 2022 और 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मनु इसके पहले एशिनय गेम्स 2023 में गोल्ड मेंडल भी जीतने में कामयाब रही।
पेरिस ओलंपिक में पदक जीतकर रचा इतिहास
22 वर्षीय मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला मेडल दिला दिया है। 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतते हुए इतिहास रच दिया है। वह शूटिंग में ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली महिला एथलीट बन चुकी है।