abhishek sharma sportstiger 1

Courtesy: BCCI

यूएई के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए अपने पहले एशिया कप 2025 मुकाबले में भारत ने धमाकेदार जीत दर्ज की। इस एकतरफा मुकाबले में टीम इंडिया ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने यूएई से मिले 58 रनों के लक्ष्य को महज 4.3 ओवर में हासिल कर भारत की जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया। 

अभिषेक शर्मा ने की रोहित शर्मा के खास रिकॉर्ड की बराबरी 

यूएई की ओर से स्टार स्पिनर हैदर अली ने गेंंदबाजी की शुरुआत की। उनकी पहली ही गेंद पर वाइट लॉन्ग ऑफ के ऊपर से गगनचुंबी छक्का जड़कर अभिषेक शर्मा एक अनोखे क्लब में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही टी-20 इंटरनेशनल की पहली गेंद पर छक्का जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। 

भारत के लिए पहले ही रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन यह कारनामा कर चुके हैं। इनके बाद अभिषेक यह कारनामा करने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 16 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 30 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 187 से ज्यादा का रहा। वहीं दूसरे छोर पर उनका साथ दे रहे शुभमन गिल ने 9 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रनों की पारी खेली। 

इससे पहले भारतीय टीम ने कुलदीप यादव और शिवम दुबे की घातक गेंदबाजी के दम पर यूएई की टीम को महज 57 रनों पर रोक दिया। कुलदीप ने चार और दुबे ने तीन विकेट अपने नाम किए। 

टी-20ई में पहली गेंद पर छक्का जड़ने वाले भारतीय

रोहित शर्मा बनाम आदिल राशिद, अहमदाबाद 2021

यशस्वी जायसवाल बनाम सिकंदर रजा, हरारे 2024

संजू सैमसन बनाम जोफ्रा आर्चर, मुंबई 2025

अभिषेक शर्मा बनाम हैदर अली, दुबई 2025