
हरियाणा और केरल के बीच रणजी ट्रॉफी मैच रोहतक के सीएच बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। खेले जा रहे इस मुकाबले में हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने 15 नवंबर को रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज के रूप में रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा दिया है।
कंबोज ने केरल के खिलाफ टूर्नामेंट के पांचवें दौर के मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 30.1 ओवर में 49 रन देकर सभी 10 विकेट अपने नाम किए। जिसके चलते केरल की टीम तीसरे दिन महज 291 रन पर सिमट गई।
रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अंशुल कंबोज ने रचा इतिहास
23 वर्षीय अंशुल कंबोज ने केरल के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले की एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। बंगाल के प्रेमांग्शु चटर्जी (10/20) और राजस्थान के प्रदीप सुंदरम (10/78) के बाद प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। चटर्जी ने जनवरी, 1957 में जोरहाट में असम के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की, जबकि सुंदरम ने नवंबर, 1985 में बरकतुल्लाह खान स्टेडियम जोधपुर में विदर्भ के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। इनके अलावा सुभाष गुप्ते (1954-55), अनिल कुंबले (1999) और देबाशीष मोहंती (2000-01) ने भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अनूठी उपलब्धि हासिल की है।
कंबोज का यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पहला दस विकेट हॉल है। इस तेज गेंदबाज ने अपने करियर में अब तक 19 मैचों में 24.14 की औसत से 57 विकेट लिए हैं। 6 दिसंबर, 2000 को हरियाणा के कर्ण में जन्मे कंबोज एक बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। अंशुल ने फर्स्ट क्लास करियर में 358 रनों का योगदान भी दिया है। इसके अलावा उन्होंने लिस्ट ए, प्रथम श्रेणी और टी20 क्रिकेट में 97 विकेट लिए हैं। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में, वह हरियाणा के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने तीन मैचों में 9.88 की औसत से 17 विकेट लिए हैं।
घरेलू क्रिकेट में अंशुल कंबोज का बेहतरीन प्रदर्शन
कंबोज ने हाल ही में इमर्जिंग एशिया कप में भारत ए के लिए खेलते हुए पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ 33 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे। जिसके लिए इन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। इससे पहले, कंबोज दलीप ट्रॉफी 2024-25 के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में टूर्नामेंट समाप्त किया था।
भारत सी के लिए खेलते हुए 17.12 के औसत से पांच पारियों में 16 विकेट लेकर भारत बी के खिलाफ 8/69 के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े के साथ। कंबोज ने इस साल की शुरुआत में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में भी डेब्यू किया और तीन मैचों में दो विकेट लिए। उन्होंने 2023-24 सीजन में हरियाणा की विजय हजारे ट्रॉफी जीतने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसमें 10 मैचों में 17 विकेट लिए थे।