
Longest Sixes in IPL: इंडियन प्रीमियर लीग का आगाज 22 मार्च से हो चुका है। इससे पहले पिछले आईपीएल 2024 में कुछ धमाकेदार शॉट देखने को मिले थे। उसमें ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर आंद्र रसेल का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मारा गया 102 मीटर का छक्का पिछले सीजन का सबसे बड़ा छक्का रहा है। हालांकि आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा छक्का टूर्नामेंट के पहले ही संस्करण में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज एल्बी मोर्कल के नाम दर्ज है। जिन्होंने 2008 में 125 मीटर रिकॉर्ड लंबाई का छक्का जड़ा था। इस आर्टिकल में हम आईपीएल इतिहास के तीन सबसे लंबे छक्कों पर एक नजर डालने वाले हैं।
आईपीएल इतिहास के टॉप तीन सबसे लंबे छक्के
3. एडम गिलक्रिस्ट-122 मीटर (पंजाब बनाम आरसीबी, 2011)
धर्मशाला में, जो दुनिया के सबसे सुंदर क्रिकेट स्टेडियमों में से एक है में पंजाब किंग्स के धमाकेदार सलामी बल्लेबाज गिलक्रिस्ट ने लैंगवेल्ट की धीमी गेंद को मिडविकेट पर अपनी ट्रेडमार्क फ्लिक्स की मदद से स्टेडियम से बाह भेज दिया। यह 122 मीटर लंबा छक्का था। जो सर्वाधिक लंबे छक्कों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर आज तक काबिज है।
2. प्रवीण कुमार-124 मीटर (आरसीबी बनाम आरआर, 2008)
प्रवीण कुमार इंडियन टी20 लीग में सबसे लंबे छक्कों की लिस्ट में सबसे चौंकाने वाले नामों में से एक हैं। गेल, कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े नामों के बावजूद, यह प्रवीण है जिसने बैंगलोर टीम के लिए सबसे लंबा छक्का लगाया है। 2008 के सत्र में एक मैच के दौरान प्रवीण कुमार ने यूसुफ पठान को लॉन्ग-ऑन पर बड़ा लंबा छक्का जड़ा। जो 124 मीटर लंबाई का था। हालांकि प्रवीण कुमार एल्बी मोर्कल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए।
1. एल्बी मोर्कल-125 मीटर (सीएसके बनाम डेक्कन, 2008)
सीएसके के एल्बी मोर्कल ने आईपीएल इतिहास में सबसे लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड बनाया, उन्होंने डेक्कन चार्जर्स के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को 2008 के आईपीएल सत्र में 125 मीटर लंबा एक छक्का मारा। 16 साल से अधिक समय के बाद भी कोई बल्लेबाज एल्बी मोर्कल का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया है। प्रज्ञान ओझा स्पिन गेंद को मोर्केल ने लपेटते हुए डीप मिडविकेट के ऊपर से चेपॉक स्टेडियम के बाहर 125 मीटर लंबे छक्के में बदल दिया।