former new zealand captain daniel vettori was born in 1979

Courtesy: Google

दुनिया के शानदार स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज स्पिनर डेनियल विटोरी ने अपने क्रिकेट करियर में कई वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा रखे हैं। इस दिग्गज कीवी स्पिनर का जन्म आज से ठीक 46 बरस पहले आज ही के दिन यानी 27 जनवरी 1979 को ऑकलैंड में हुआ था। विटोरी ने अपने क्रिकेट करियर में 100 विकेट लेने वाले सबसे युवा स्पिनर का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा रखा है। 

18 साल की उम्र डेब्यू कर 21 साल में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

इटली से ताल्लुक रखने वाले पिता और कीवी मां के घर जन्मे डेनियल विटोरी ने 17 बरस की उम्र में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। अपने पहले ही फर्स्ट क्लास मैच में विटोरी ने इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान नासिर हुसैन को अपना शिकार बनाकर सभी को हैरान कर दिया। इस वाकये के एक महीने के बाद डेनियल विटोरी का इंग्लैंड के खिलाफ महज 18 बरस की उम्र में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला। 

उसके बाद से विटोरी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और महज 21 बरस की उम्र में 100 टेस्ट विकेट लेकर यह कारनामा करने वाले सबसे युवा स्पिनर बने। 2007 में पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग के बाद कीवी टीम के कप्तानी संभाली। उनकी कप्तानी में कीवी टीम ने 2009 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। 

विटोरी वर्ल्ड क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडरों में से रहे हैं।उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 362 विकेट लिए और 4531 रन बनाए। इसके साथ, विटोरी टेस्ट में 300 विकेट लेने और 3000 रन बनाने वाले आठवें ऑलराउंडर बन गए। टेस्ट करियर की अद्भुत शुरुआत के बाद, इस ऑलराउंडर को 25 मार्च 1997 को श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू करने का मौका भी मिला। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 295 वनडे मैच खेले और बल्ले से 2,253 रन बनाने के साथ 305 विकेट लिए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, 34 टी20ई में, ऑलराउंडर ने 34 विकेट लिए और 205 रन बनाए।

ऐसा रहा डेनियल विटोरी का आईपीएल करियर 

आईपीएल 2008 में डेनियल विटोरी को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) द्वारा 2.51 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, और उन्होंने 2010 तक फ्रेंचाइजी के लिए खेला, 12 मैचों में 11 विकेट लिए। आईपीएल 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 2.53 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने दो सीजन में टीम के लिए 22 मैच खेले और 17 विकेट लिए। फिलहाल अभी विटोरी सनराइजर्स हैदराबाद के हेड कोच होने के अलावा ऑस्ट्रेलियाई मेन्स नेशनल क्रिकेट टीम के सपोर्टिंग कोच हैं।