
Picture Credit: BCCI/IPL
आज से ठीक 3 बरस पहले आज ही के दिन यानी 21 अप्रैल 2022 को आईपीएल 2022 का 33वां मुकाबला मुंबई के डी वाय पाटील स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया था। इस रोमांचक मुकाबले में एमएस धोनी ने आखिरी ओवर की चार गेंदों पर 16 रन बनाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को रोमांचक मुकाबला जीताने में मदद की।
एमएस धोनी ने विस्फोटक पारी खेलकर चेन्नई को दिलाई रोमांचक जीत
मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रवींद्र जडेजा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत निराशाजनक रही। मुंबई ने महज 2 रनों के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशान का विकेट गंवा दिया। दोनों बल्लेबाज बिना खाता खोले मुकेश चौधरी की गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अपने तीसरा ओवर लेकर आए मुकेश चौधरी ने डेवाल्ड ब्रेविस को 4 रनों निजी स्कोर पर विकेट के पीछे एमएस धोनी के हाथों में कैच कराकर मुंबई को एक ओर बड़ा झटका दिया। इसके बाद सुर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर मुंबई की पारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने क्रमश: 32 और 51 रनों की पारियां खेलकर मुंबई की लड़खड़ाती पारी को सहारा दिया। ऋतिक शौकिन ने भी 25 गेंदों में 25 रनों का योगदान देकर मुंबई को निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 155 रनों के स्कोर पर पहुंचा दिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत भी निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकावाड़ बिना खाता खोले डेनियल सैम्स का शिकार बने। वहीं मिचेल सेंटनर 11 रनों की पारी खेलकर चलते बने। हालांकि इसके बाद रोबिन उथप्पा ने अंबाती रायडू के साथ मिलकर चेन्नई की पारी को संभाला। हालांकि इसके बाद बीच के ओवरों में चेन्नई ने शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा कका विकेट सस्ते में गंवा दिया। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रनों की दरकार थी। वहीं क्रीज पर मौजूद थे दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशर एमएस धोनी। उनादकट ने पहली गेंद पर ड्वेन प्रिटोरियस को 22 रनों पर पवेलियन भेजकर चेन्नई की मुश्किलें बढ़ा दी। हालांकि एमएस धोनी ने आखिरी चार गेंदों पर एक छक्के और दो चौकों के साथ एक दोहरे रन की मदद से 18 रन बनाकर चेन्नई को रोमांचक मुकाबले में जीत दिला दी।