rohit sharma sportstiger

IPL 2024 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। नए कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में ही नाकाम रही। हालांकि आज से करीब 9 साल पहले आज ही के दिन यानी 24 मई 2015 को  आईपीएल के आठवें सीजन में ऐसी ही निराशाजनक शुरुआत के बावजूद रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने खिताब अपने नाम किया था। IPL 2015 में मुंबई इंडियंस ने शुरुआती छह में से पांच मुकाबले हारकर टूर्नामेंट की निराशाजनक शुरुआत के बावजूद आखिर के 10 में से 8 मुकाबले जीतकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। यह कारनामा मुंबई इंडियंस ने आज ही के दिन यानी 24 मई 2015 को किया था। 

निराशाजनक शुरुआत के बाद मुंबई ने जीता खिताब 

चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की सबसे सफलत्तम टीमों में से एक रही है। 2015 में आईपीएल का आठवां सीजन खेला गया। इस सीजन चेन्नई ने छठी बार फाइनल में जगह बनाकर नया कीर्तिमान रचा। हालांकि IPL 2015 की फाइनलिस्ट MI और CSK का उस सीजन का इतिहास एक-दूसरे से काफी उल्टा रहा। CSK ने जहां आईपीएल के आठवें सीजन की शुरुआत दिल्ली को 1 रन से हराकर की।

इसके बाद अगले 7 में से केवल 1 मुकाबले में चेन्नई ने हार का स्वाद चखा। हालांकि इसके उल्ट MI को पहले ही मुकाबले में KKR के हाथों 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुबंई का हाल बुरा रहा टीम अगले 6 में से 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। मुंबई का  निराशाजनक प्रदर्शन देखकर किसी को इनके प्लेऑफ में पहुंचने की भी उम्मीद नहीं थी। लेकिन मुंबई ने आखिर के 10 में से 8 मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। 

आज ही के दिन यानी 24 मई 2015 को कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए फाइनल मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लेंडल सिमंस और कप्तान रोहित शर्मा की क्रमश: 68 और 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी के दम पर 202 रनों का विशाल लक्ष्य चेन्नई के सामने रखा। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना सकी। जिसके चलते चेन्नई को 41 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा।