
Credit: BCCI
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की घरेलू क्रिकेट में मुंबई छोड़ गोवा से क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई थी। इसके लिए जायसवाल ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से एनओसी का अनुरोध भी किया था। हालांकि बाद में खबर आई थी कि यशस्वी जायसवाल गोवा नहीं मुंबई की ओर से ही घरेलू क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। अब इस मामले को लेकर एमसीए अध्यक्ष ने बड़ा खुलासा किया है।
रोहित शर्मा की वजह से मुंबई से खेलने के लिए राजी हुए जायसवाल
दरअसल मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने हाल ही में दिए अपने बयान में बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि भारत के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल को आगामी घरेलू सत्र में मुंबई की ओर से ही खेलने के लिए मनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
बता दें कि अप्रैल में जायसवाल ने एमसीए से मुंबई छोड़कर गोवा की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए एनओसी का अनुरोध किया था। जहां वह टीम की अगुवाई करते नजर आ सकते थे। हालांकि मई में जायसवाल ने मन बदल लिया और एमसीए से एनओसी वापस लेने का अनुरोध किया। उनके इस फैसले के बारे में बड़ा खुलासा करते हुए एमसीए अध्यक्ष ने बड़ा खुलासा किया है।
मुंबई मिरर से बात करते हुए एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा "रोहित ने यशस्वी से अपने करियर के इस पड़ाव पर मुंबई में ही बने रहने के लिए राजी किया। उन्होंने यशस्वी को समझाया कि मुंबई जैसी टीम के लिए खेलना बहुत गर्व और प्रतिष्ठा की बात है, जिसने रिकॉर्ड 42 बार रणजी ट्रॉफी जीती है।"
ये भी पढ़े: रोहित शर्मा नहीं यह स्टार खिलाड़ी होगा भारत का नया वनडे कप्तान, अगली सीरीज में मिलेगी जिम्मेदारी
उन्होंने आगे कहा " रोहित ने यशस्वी से यह भी कहा कि उसे यह नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई क्रिकेट की वजह से ही उसे अपनी प्रतिभा दिखाने और भारत के लिए खेलने का मंच मिला, और इसके लिए उसे इस शहर का आभारी होना चाहिए। यहीं मुंबई में उसने मैदानों पर क्रिकेट खेलना शुरू किया और फिर मुंबई की सभी आयु वर्ग की टीमों के लिए चुना गया।" इसके बाद जायसवाल ने एक ईमेल भेजकर एमसीए से गोवा जाने के लिए दी गई एनओसी वापस लेने का अनुरोध किया। जिसके बाद हमने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया।