
Picture Credit: BCCI/IPL
मेजबान इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसाल किया है। भारत की ओर से चोटिल आकाश दीप की जगह अंशुल कंबोज को डेब्यू करने का मौका मिला है।
अंशुल कंबोज ने किया भारत के लिए टेस्ट डेब्यू
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए घातक गेंदबाजी कराने वाले युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मैनचेस्टर टेस्ट में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला है। कंबोज भारतीय दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले के बाद इस मैदान पर डेब्यू करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। कुंबले ने इसी मैदान पर 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। अंशुल कंबोज को इस मौके पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दास गुप्ता ने 318 नंबर की टेस्ट कैप दी है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़े: मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथा टेस्ट क्यों नहीं खेल रहे करुण नायर? जानिए इसके पीछे की वजह
गौरतलब है कि हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले अंशुल कंबोज ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए की ओर से घातक गेंदबाजी कराते हुए दो अनआधिकारिक टेस्ट मुकाबलों में पांच विकेट अपने नाम किए थे।
रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अंशुल कंबोज ने रचा इतिहास
24 वर्षीय अंशुल कंबोज ने पिछले साल केरल के खिलाफ खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले की एक पारी में सभी 10 विकेट लेकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। बंगाल के प्रेमांग्शु चटर्जी (10/20) और राजस्थान के प्रदीप सुंदरम (10/78) के बाद प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। चटर्जी ने जनवरी, 1957 में जोरहाट में असम के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की, जबकि सुंदरम ने नवंबर, 1985 में बरकतुल्लाह खान स्टेडियम जोधपुर में विदर्भ के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। इनके अलावा सुभाष गुप्ते (1954-55), अनिल कुंबले (1999) और देबाशीष मोहंती (2000-01) ने भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अनूठी उपलब्धि हासिल की है।