
पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2025 में बड़ा झटका लगा है। टीम के 24 वर्षीय स्टार स्पिनर विग्नेश पुथुर चोट के चलते सीजन के बाकि मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। अपने पहले ही आईपीएल में डेब्यू मैच में घातक गेंदबाजी कर सुर्खियां बंटोरने वाले पुथुर की जगह पर रिप्लेसमेंट का ऐलान मुंबई इंडियंस ने कर दिया है।
विग्नेश पुथुर की जगह रघु शर्मा मुंबई इंडियंस स्क्वॉड में हुए शामिल
मुंबई इंडियंस चोटिल स्पिनर विग्नेश पुथुर की जगह लेग स्पिनर रघु शर्मा को बतौर रिप्लेसमेंट स्क्वॉड में शामिल किया है। पुथुर चोट के कारण टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। 11 मार्च, 1993 को जालंधर, पंजाब में जन्मे रघु शर्मा दाएं हाथ के लेग-ब्रेक गेंदबाज हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में पंजाब और पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व किया है।
खेले गए 11 फर्स्ट क्लास मैचों में, रघु शर्मा ने 19.59 की औसत से 57 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/56 रहा है। लिस्ट ए क्रिकेट में, उन्होंने 9 मैचों में 14 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/37 रहा है। उन्होंने 3 टी20 मैचों में भी हिस्सा लिया है, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं। यह शर्मा का आईपीएल में पहला साल है। मुंबई इंडियंस ने रघू को 30 लाख रुपये के अपने बेस प्राइस पर स्क्वॉड में शामिल किया है।
गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 1 मई यानी आज शाम के जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है। यह मैच जीतकर मुंबई पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर जाने की मंशा से मैदान पर उतरेगी। मुंबई ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। जिनमें से छह में जीत के साथ टीम 12 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर काबिज है। मुबंई ने चार मैचों में बुरी तरह हाने के बाद लगातार पांच मैच जीतकर शानदार वापसी की है।