
Picture Credit: RR
आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने बड़ा फैसला लेते हुए आईपीएल 2008 की चैंपियन टीम से अपना नाता तोड़ लिया है। इसकी जानकारी फ्रेंचाईजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस के साथ शेयर की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैसला राहुल द्रविड़ ने खुद लिया है। वह पिछले सीजन से टीम के साथ जुड़े हुए थे। हालांकि उनके कार्यकाल में टीम का प्रदर्शन काफी साधारण रहा था।
आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से अगल हुए द्रविड़
जून 2024 में टीम इंडिया को टी-20 चैंपियन बनाने में पूर्व भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ ने अहम भूमिका निभाई थी। भारतीय टीम के साथ अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद वह दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में अपने पूर्व फ्रेंचाईजी राजस्थान रॉयल्स के साथ बतौर हेड कोच जुड़े थे। हालांकि इस भूमिका के एक बरस बाद ही राहुल द्रविड़ ने चौंकाते हुए राजस्थान रॉयल्स से अलग होने का फैसला कर लिया है।
राजस्थान रॉयल्स ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए लिखा "राजस्थान रॉयल्स आज ऐलान कर रही है कि हेड कोच राहुल द्रविड़ आईपीएल 2026 से पहले फ्रेंचाइजी के साथ अपना कार्यकाल खत्म कर रहे हैं। राहुल कई सालों से रॉयल्स की यात्रा के केंद्र में रहे हैं। उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पीढ़ी को प्रभावित किया है, टीम के अंदर मजबूत मूल्यों का निर्माण किया है और फ्रेंचाइजी की संस्कृति पर एक छाप छोड़ी है।
फ्रेंचाइजी संरचनात्मक समीक्षा के हिस्से के रूप में राहुल को फ्रेंचाइजी में एक व्यापक पद की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नहीं लेने का फैसला किया है। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर में लाखों फैंस राहुल को फ्रेंचाइजी के लिए उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए हमेशा आभारी रहेंगे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। टीम 14 मुकाबलों में से महज 4 मुकाबले जीतने में कामयाब हो सकी थी।