
Credits: X
जैसे-जैसे आईपीएल ऑक्शन पास आने जा रहा है। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अटकले तेज हो गई है। इस बीच पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी आईपीएल 2025 से पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। चोपड़ा के मुताबिक मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा को रिटेन नहीं करेगी। इसके साथ ही रोहित शर्मा भी यही चाहेंगे की उनको मुंबई रिटेन नहीं करे।
ऑक्शन नहीं ट्रेड के जरिए मुंबई छोड़ सकते हैं रोहित शर्मा - आकाश चोपड़ा
आईपीएल 2024 की शुरुआत से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने तत्कालिन कप्तान रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किए गए भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी थी। तभी अनुमान लगाया जा रहा था कि रोहित शर्मा अब लंबे समय तक मुंबई के साथ नहीं रहने वाले।
इस बीच अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया है। एक फैन के सवाल के जवाब में आकाशा चोपड़ा ने कहा कि " वह रहेंगे या जाएंगे? यह बड़ा सवाल है। निजी तौर पर मुझे लगता है कि वह नहीं रहेंगे। जिसे भी रिटेन किया जाएगा, वह इस सोच के साथ होगा कि वह तीन साल तक आपके साथ रहेगा, जब तक आपका नाम एमएस धोनी न हो। एमएस धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स की कहानी बहुत अलग है, लेकिन मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा के बारे में मुझे लगता है कि वह खुद ही टीम छोड़ सकते हैं या मुंबई इंडियंस उन्हें रिलीज कर सकती है । "
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि "मुझे निजी तौर पर नहीं पता की क्या हो सकता है। या तो मुंबई उन्हें रिलीज कर देगी या रोहित शर्मा ऑक्शन से नहीं बल्कि ट्रेड विंडो में किसी दूसरी टीम के पास जा सकते हैं। इसके साथ ही चोपड़ा ने कहा कि हो सकता है कि रोहित शर्मा ऑक्शन में भी जाए, लेकिन मुझे लगता है कि उनका साथ मुंबई के लिए यहां तक ही था। अगले सीजन में रोहित शर्मा किसी दूसरी टीम से खेलते नजर आ सकते हैं।"