
आईपीएल 2025 के 69वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराकर पंजाब किंग्स ने क्वालीफायर 1 में जगह बना ली है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 26 मई को खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने मुंबई से मिले 185 रनों के लक्ष्य को 9 गेंदें शेष रहते हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के बाद मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल के साथ मजाक करते नजर आए।
रोहित शर्मा ने कैमरे के सामने उड़ाया यूजी का मजाक
पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र पिछले कुछ मुकाबलों से ऊंगली की चोट से जूझ रहे हैं। जिसके चलते वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन में नजर नहीं आए। इस मैच में पंजाब की शानदार जीत के बाद रोहित शर्मा यूजवेंद्र चहल से मजाक करते नजर आए। मुंबई ने इसका वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।
मुंबई ने रोहित और यूजी की दोस्ती का वीडियो शेयर की है उसमें रोहित शर्मा वीडियो बना रहे कैमरामैन को देखते हुए यूजी का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं। वीडियो में युजवेंद्र चहले रोहित शर्मा से मिलने उनकी ओर आते हैं। उनको देखते हुए रोहित शर्मा कैमरामैन को कहते हैं कि " अरे, इसको मत रिकॉर्डिंग कर अभी यार..." वीडियो में इतना कहने के बाद रोहित शर्मा युजवेंद्र चहल को मजाकिया अंदाज में लात मारते भी नजर आते हैं। इस दौरान युजवेंद्र चहल भी कुछ कहते नजर आते हैं। हालांकि उनकी आवाज स्पष्ट सुनाई नहीं देती है।
अगले मैच के लिए उपलब्ध होंगे युजवेंद्र चहल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने बताया कि युजवेंद्र चहल 29 मई को खेले जाने वाले क्वालीफायर 1 के लिए उपलब्ध होंगे। वह ऊंगली की चोट से पूरी तहर उबर चुके हैं।