stokes watch

भारतीय स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से पहले 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करके सभी को हैरान कर दिया है।  20 जून से शुरु हो रहे इस दौरे में भारतीय टीम को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इससे पहले इंग्लैंड टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ इकलौता टेस्ट मुकाबला आज यानी 22 मई से खेल रही है। इस मुकाबले से पहले इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने विराट कोहली के टेस्ट संन्यास पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। 

विराट कोहली के टेस्ट संन्यास पर बेन स्टोक्स की प्रतिक्रिया 

जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मुकाबले से पहले इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें स्टोक्स विराट कोहली के टेस्ट संन्यास पर अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। स्टोक्स ने कहा कि " मैंने उन्हें मैसेज करके बताया कि इस बार उनके खिलाफ नहीं खेलना शर्म की बात होगी।" 

स्टोक्स ने आगे कहा कि " मुझे विराट कोहली के खिलाफ खेलना बहुत पसंद है। हमने हमेशा इस मुकाबले को लुफ्त उठाया है। क्योंकि मैदान पर हमारी मानसिकता एक जैसी ही होती है। टेस्ट क्रिकेट एक जंग है। वह इसमें अविश्वसनीय रहे हैं। इसके लिए वह तारीफ के हकदार है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत उन्हें मिस करेगा। उन्होंने इंग्लैंड में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।" 

साथ ही "मुझे लगता है कि भारत को मैदान पर उनकी जुझारूपन, उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता और जीतने की उनकी इच्छा की कमी खलेगी। शायद उन्होंने 18वें नंबर को अपना बना लिया है, शायद हम इसे किसी अन्य भारतीय जर्सी के पीछे कभी नहीं देख पाएंगे। वह इतने लंबे समय से शानदार खिलाड़ी रहे हैं।" गौरतलब है कि विराट कोहली ने भारत के लिए 123 टेस्ट मुकाबलों में 9230 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 30 शतकीय पारियां आई है।