ben ss

Credit: BCCI/X

भारत और इंग्लैंड के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला गया सीरीज का चौथा मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। हालांकि मैच के आखिरी घंटें में जडेजा के साथ नोकझोंक के चलते इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स को जमकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा रहा है। इस बीच पूर्व इंग्लिश कप्तान केविन पीटरसन बेन स्टोक्स के समर्थन में उतरते नजर आए हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर स्टोक्स की भावनाओं का समर्थन किया है। 

बेन स्टोक्स के बचाव में उतरे केविन पीटरसन

पीटरसन ने अपने एक्स हैंडल पर आखिरी आधे घंटे में स्टोक्स की निराशा का समर्थन किया। दिन का खेल खत्म होने में लगभग 30 मिनट बाकी थे, इंग्लैंड के कप्तान हाथ मिलाकर मैच ड्रॉ कराना चाहते थे। हालाँकि भारतीय बल्लेबाज रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने अपने-अपने शतकों के करीब पहुंचने के चलते मैच ड्रॉ से इनकार कर दिया।

इस दौरान जडेजा और स्टोक्स के बीच बहस हुई, वहीं इंग्लैंड ने अपने मुख्य गेंदबाज़ों को और ज़्यादा थकावट से बचाने के लिए गेंद हैरी ब्रुक को थमा दी। भारतीय जोड़ी ने अपने शतक पूरे करके इसका फ़ायदा उठाया, जिसके बाद स्टोक्स ने बल्लेबाज़ों से हाथ नहीं मिलाया। जिसके लिए उनकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है। 

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इस पूरे घटनाक्रम में स्टोक्स का समर्थन करते हुए लिखा "दो दिन फ़ील्डिंग के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकलता। आप मैदान से बाहर जाना चाहते हैं! आप बेन स्टोक्स की हताशा के लिए उन पर तंज नहीं कस सकते। जब आप आराम से बैठकर मैच देख रहे हों, तो उन पर तंज कसना बहुत आसान है। आप लड़ाई में शामिल नहीं हैं। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों को भावुक होने दीजिए। और स्टोक्स के मुद्दे से उन बल्लेबाज़ों का ध्यान नहीं भटकना चाहिए जिन्होंने टेस्ट मैच बचाने के लिए बल्लेबाजी की! शानदार प्रयास और यही ओवल को एक बहुत ही महत्वपूर्ण टेस्ट बनाता है।"