india spinner yuzvendra chahal was born in 1990

Credit: ICC

आज से ठीक 35 बरस पहले आज ही के दिन यानी 23 जुलाई 1990 को टीम इंडिया के स्पिनर युजवेंद्र चहल का जन्म केके चहल और सुनीता देवी के घर हरियाणा के जींद में हुआ था। चहल चेस और क्रिकेट दोनों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। 2002 में, 12 साल की उम्र में, उन्होंने कोलकाता में आयोजित 16वीं राष्ट्रीय बाल शतरंज चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। हालाँकि, उन्होंने चेस छोड़ दिया और क्रिकेट की ओर रुख किया। अक्टूबर 2009 में, उन्होंने दिल्ली के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल में हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट में एंट्री की।

आईपीएल के दम पर भारतीय टीम में की एंट्री 

आईपीएल 2016 में चहल ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 13 मैचों में 8.15 की इकॉनमी से 21 विकेट लिए। आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। जिसके बाद उन्हें सीमित ओवरों की सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुना गया। हरारे में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले वनडे मैच में उन्होंने 10 ओवरों में 27 रन देकर 1 विकेट चटकाए।

उसी महीने, उन्होंने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल में भी डेब्यू किया। उनका सर्वश्रेष्ठ टी20I प्रदर्शन फरवरी 2017 में बेंगलुरु में इंग्लैंड के खिलाफ रहा। इस स्पिन जादूगर ने अपने चार ओवरों के स्पेल में 25 रन देकर 6 विकेट चटकाए और भारत को इंग्लिश टीम पर 75 रनों से जीत दिलाने में मदद की। जनवरी 2019 में, उन्होंने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6/42 का अपना सर्वश्रेष्ठ वनडे गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज किया।

युजवेंद्र चहल का आईपीएल करियर

युजवेंद्र चहल ने 2013 में मुंबई इंडियंस के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स में अपना आईपीएल डेब्यू किया था। 2014 में, वह RCB का हिस्सा बने, लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में आया। 13 मैचों में 21 विकेट लेकर उस सीजन दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। चहल आईपीएल में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं, जिन्होंने 174 मैचों में 7.96 की इकॉनमी से 221 विकेट लिए हैं।