
आईपीएल 2025 का 33वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया है। इस रोमांचक मुकाबले की शुरुआत से पहले BCCI चेयरमैन रोजर बिन्नी ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को एक स्पेशल मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जिसका वीडियो आईपीएल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए फैंस के साथ शेयर किया है।
बीच आईपीएल BCCI ने किया रोहित शर्मा को सम्मानित
BCCI के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान और मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को स्पेशल मोमेंटो देकर सम्मानित किया है। रोहित शर्मा 2008 से लगातार आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले रोहित शर्मा 2010 तक उनका हिस्सा रहे। उसके बाद 2011 में हुए मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को बड़ी राशि देकर मुंबई इंडियंस में शामिल किया।
इस मौके पर आईपीएल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। जिसके कैप्शन में लिखा ' 18 सीजन 1 लेगेसी मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा को बीसीसीआई अध्यक्ष श्री रोजर बिन्नी से स्पेशल मोमेंटो प्राप्त हुआ।' गौरतलब है कि रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में सबसे पहले पांच बार खिताब जीतने वाले पहले कप्तान थे। उन्हें 2013 में रिकी पोंटिंग की जगह मुंबई इंडिंयस की कमान सौंपी गई थी।
ऐसे में कप्तान के तौर पर अपने पहले ही सीजन में रोहित शर्मा ने इतिहास रचते हुए मुंबई इंडियंस को चैंपियन बना दिया था। इसके बाद उनकी अगुवाई में मुंबई ने 2015, 2017,2019 और 2020 में चार ओर खिताब अपने नाम किया। हालांकि 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी थी।